
सैन्य परिवारों की उच्च शिक्षा के लिए भारतीय सेना का सीआईएमएस-यूआईएचएमटी से करार
सेवारत-सेवानिवृत्त सैनिकों के बच्चों को 40 फीसदी तक छूट
देहरादून, संवाददाता। सैन्य परिवारों के बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च कम होगा। भारतीय सेना और देहरादून स्थित कंबाइंड पीजी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (सीआईएमएस) एवं यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के बीच शैक्षणिक सहयोग को लेकर समझौता हुआ है। इसके तहत वीर नारियों और बलिदानी सैनिकों के आश्रितों को शिक्षण शुल्क में 100 फीसदी छूट मिलेगी। सेवारत और सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों के बच्चों व आश्रितों को 40 फीसदी तक फीस में छूट दी जाएगी। पात्र अग्निवीरों और उनके आश्रितों को भी निर्धारित प्रावधानों के अनुसार लाभ मिलेगा।
नई दिल्ली में हुए कार्यक्रम में भारतीय सेना के अधिकारियों और सीआईएमएस एवं यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसका उद्देश्य सैन्य परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना और शिक्षा का आर्थिक बोझ कम करना है।
दो श्रेणियों में मिलेगी फीस में छूट
समझौते के तहत वीर नारियों और बलिदानी सैनिकों के आश्रितों को पात्र पाठ्यक्रमों में शिक्षण शुल्क में 100 फीसदी छूट दी जाएगी। वहीं, सेवारत और सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों के बच्चों व आश्रितों को 40 फीसदी तक फीस में छूट मिलेगी। पात्र अग्निवीरों और उनके आश्रितों को भी निर्धारित प्रावधानों के अनुसार लाभ मिलेगा।
चिकित्सा से कानून तक पाठ्यक्रम
सीआईएमएस एवं यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिक्षा, नर्सिंग, पैरामेडिकल, फार्मेसी, प्रबंधन, कंप्यूटर विज्ञान, होटल प्रबंधन और कानून समेत विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। समझौते के तहत पात्र सैन्य आश्रित इन क्षेत्रों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।
सैनिक परिवारों की सेवा सौभाग्य : ललित मोहन जोशी
संस्थान के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद अधिवक्ता ललित मोहन जोशी ने कहा कि सैनिक देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं। उनके बच्चों की शिक्षा और भविष्य को मजबूत करना संस्थान की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आर्थिक कारणों से सैन्य परिवारों का कोई प्रतिभाशाली बच्चा उच्च शिक्षा से वंचित न रहे, यही इस पहल का उद्देश्य है।
समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर कार्यक्रम में भारतीय सेना के अधिकारियों के साथ सीआईएमएस एवं यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद अधिवक्ता ललित मोहन जोशी, प्रबंध निदेशक संजय जोशी, अकादमी निदेशक डॉ. सपना जोशी तथा प्रशासनिक अधिकारी मेजर ललित सामंत मौजूद रहे।
