
पदोन्नति समिति, विशेष अतिरिक्त वेतन वृद्धि और एकमुश्त छूट लागू करने की कवायद तेज
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी के पद सृजित करने की पहल का स्वागत
देहरादून। चिकित्सक संवर्ग की विभिन्न लंबित मांगों के समाधान की दिशा में सरकार की ओर से सकारात्मक पहल किए जाने पर प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ ने आभार जताया है। संघ के प्रतिनिधिमंडल ने चिकित्सकों की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष अपनी बात रखी। मांगों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाने पर संघ ने इसे स्वागत योग्य कदम बताया।
संघ ने कहा कि चिकित्सकों की लंबित मांगों के समाधान की दिशा में सरकार की पहल महत्वपूर्ण है। पदोन्नति विभागीय समिति, विशेष अतिरिक्त वेतन वृद्धि और एकमुश्त छूट को शीघ्र लागू करने, सुगम, दुर्गम और अति दुर्गम क्षेत्रों का निर्धारण करने तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर आपातकालीन चिकित्सा अधिकारियों के पद सृजित करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
संघ ने जिले की चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यकता के अनुसार जिले के भीतर चिकित्सकों के स्थानांतरण का अधिकार दिए जाने की पहल का भी स्वागत किया। संघ के अनुसार, इससे चिकित्सकों की उपलब्धता और तैनाती को स्थानीय जरूरत के अनुसार व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ ने कहा कि चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार और चिकित्सक संवर्ग के बीच सकारात्मक संवाद जरूरी है। संघ ने विश्वास जताया कि चिकित्सकों की अन्य लंबित मांगों पर भी सरकार शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।
