जिला अस्पतालों को यथावत रखने, कैडर पुनर्गठन व पदोन्नति के लंबित मामलों के निस्तारण
गोल्डन कार्ड की दिक्कत दूर करने और OPS बहाली की मांग; शासन पर सामूहिक दबाव बनाने की तैयारी
देहरादून। स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों की लंबे समय से लंबित मांगों और सेवा संबंधी समस्याओं को लेकर विभागीय संगठन एकजुट होने लगे हैं। स्वास्थ्य महानिदेशालय में हुई प्रांतीय पदाधिकारियों की बैठक में सभी संगठनों को एक मंच पर लाकर महासंगठन बनाने की कवायद तेज करने पर सहमति बनी।
बैठक में जिला चिकित्सालयों को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए उन्हें यथावत संचालित रखने की मांग की गई। साथ ही स्थानांतरण एवं तैनाती में पारदर्शी और न्यायसंगत व्यवस्था लागू करने तथा स्थानांतरण अधिनियम का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
विभिन्न संवर्गों के लंबित कैडर पुनर्गठन, पदों के पुनर्निर्धारण और पदोन्नति से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग भी उठी। डिप्लोमा फार्मेसी संवर्ग के पूर्व निर्धारित पदों के पुनः निर्धारण तथा स्वास्थ्य संस्थानों में IPHS मानकों के अनुरूप मानव संसाधन और पदों का निर्धारण करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में गोल्डन कार्ड से जुड़ी समस्याओं के समाधान और कैशलेस चिकित्सा सुविधा को प्रभावी बनाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की मांग को शासन के समक्ष मजबूती से रखने पर सहमति बनी।
एक मंच पर आएंगे सभी संगठन
पदाधिकारियों ने कहा कि सभी संगठन एक मंच पर आएंगे तो अधिकारी एवं कर्मचारियों की सामूहिक मांगों को शासन के समक्ष अधिक मजबूती से रखा जा सकेगा। इससे लंबित समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त रूप से पैरवी करने में भी मदद मिलेगी।
बैठक में PMHS एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमेश कुंवर एवं महामंत्री डॉ. यशपाल तोमर, मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय नेगी एवं प्रदेश महामंत्री गिरीश तिवारी, डिप्लोमा फार्मेसी एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष सुधा कुकरेती, नर्सिंग एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष भारती जुयाल, LT संवर्ग से राकेश बड़वाल सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

