शिक्षक और पेड़ दोनों भविष्य संवारने में निभाते हैं अहम भूमिका : ममता पांगती नागर
देहरादून। शिक्षक दिवस के अवसर पर मनुशक्ति संगठन #जुन्याली की ओर से एडिफाई वर्ल्ड स्कूल, मोथारोवाला के तत्वावधान में पौधारोपण एवं पौधा वितरण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में शिक्षक सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। विद्यालय परिसर में शिक्षकों, विद्यार्थियों और संगठन के सदस्यों ने पौधे लगाए तथा लोगों को पौधों का वितरण कर अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर पंकज होलकर, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान बच्चों को बताया गया कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की निरंतर जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि शिक्षाविद् डॉ. रीमा पंत ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल विषयों का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने और उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
मनुशक्ति संगठन की अध्यक्ष ममता पांगती नागर ने कहा कि शिक्षक और पेड़ दोनों समाज और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक ज्ञान का प्रकाश फैलाकर बच्चों का भविष्य संवारते हैं, जबकि पेड़ स्वच्छ हवा और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करते हैं। इसी विचार के साथ शिक्षक दिवस पर पौधारोपण और पौधा वितरण अभियान आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और बच्चों को बचपन से ही प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाना है।
इस अवसर पर मनुशक्ति संगठन की अध्यक्ष ममता पांगती नागर और टीम की ओर से मुख्य अतिथि डॉ. रीमा पंत को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय के डायरेक्टर पंकज होलकर को शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। सम्मान समारोह में शिक्षकों की भूमिका और समाज में उनके योगदान को भी रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में संगठन के सचिव दिनेश नागर, सदस्य बलदेव भट्ट, शुभिक्षा नागर, अंजना कुणियाल और आंचल असवाल सहित विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। संगठन ने “आज लगाएंगे पौधे, कल होगा हरियाला” के संदेश के साथ अभियान को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।

