
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम, युवाओं से शिक्षा, कौशल, नवाचार और उद्यमिता के जरिए आगे बढ़ने का आह्वान
देहरादून। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बुधवार को उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति एवं चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, लाडपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता भट्ट और विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के संयुक्त निदेशक डॉ. अमित शुक्ला, सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन एवं शिक्षाविद ललित जोशी, राज्य स्तरीय उद्योग मित्र समिति के सदस्य एवं उत्तराखंड सरकार के दायित्वधारी शांतनु बिष्ट तथा समिति के उप निदेशक वित्त महेंद्र कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों, यूथ रेडक्रॉस और भारतीय रेडक्रॉस समिति से जुड़े छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर शिक्षाविद ललित जोशी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उनमें नवाचार, नेतृत्व और उद्यमिता की भावना विकसित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवा केवल रोजगार तलाशने वाले न बनें, बल्कि अपने नए विचारों और प्रतिभा के माध्यम से रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में भी आगे बढ़ें।
ललित जोशी ने युवाओं को नशे, हिंसा और अपराध से दूर रखने पर जोर देते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके व्यवहार, शिक्षा, करियर और पारिवारिक जीवन पर भी गंभीर असर डालता है। कई मामलों में नशे की प्रवृत्ति व्यक्ति को हिंसा और अपराध की ओर भी धकेल देती है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार और समाज के साथ ही राष्ट्र की सुरक्षा से जुड़ा विषय है।
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने के लिए उन्हें खेल, कौशल विकास, शिक्षा, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता से जोड़ना होगा। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. अमित शुक्ला ने एचआईवी और एड्स के प्रति जागरूकता को लेकर छात्र-छात्राओं को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा एचआईवी से बचाव, स्वैच्छिक रक्तदान और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. सुनीता भट्ट ने युवाओं से आधुनिक शिक्षा और तकनीक के साथ भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी परंपराओं और संस्कारों को साथ लेकर आगे बढ़ें।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक दल हंसा नृत्य एवं नाट्य कला मंच की ओर से एचआईवी-एड्स और नशे के प्रति जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भी नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और उसके दुष्परिणामों पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमलता वर्मा, एकता उपाध्याय, संदीप सिंह, नारायण सिंह राणा, सौरभ सहगल, ओम प्रकाश सिंह, जगदीश अधिकारी, विनोद कुमार, यूसेक्स एवं एमओ जावेद समेत विभिन्न विभागों और संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
