अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद देहरादून महानगर की नई कार्यकारिणी घोषित, संगठन विस्तार और छात्र हितों पर जोर
देहरादून। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद देहरादून महानगर की नवीन कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई। नवीन सत्र के लिए डॉ. सर्वेश चौधरी को महानगर अध्यक्ष तथा आयुषी पैन्यूली को महानगर मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया चुनाव अधिकारी एवं देहरादून विभाग प्रमुख डॉ. कौशल कुमार की देखरेख में संपन्न हुई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री विपिन गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने संगठन की कार्यपद्धति, संगठन को धरातल पर मजबूत करने तथा वर्तमान समय के विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी अनुशासित कार्यपद्धति और कार्यकर्ताओं के निस्वार्थ समर्पण में निहित है। विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्र हितों और राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवीन कार्यकारिणी संगठन के विस्तार, मजबूती और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगी।
समारोप सत्र में विभाग संगठन मंत्री प्रमेश जोशी ने विद्यार्थी परिषद के वैचारिक अधिष्ठान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद का मूल मंत्र ‘ज्ञान, शील और एकता’ है। प्रत्येक कार्यकर्ता को इस मूल मंत्र को अपने आचरण में उतारते हुए छात्र हित और समाज निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति के उत्साहपूर्ण वातावरण में ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गान के साथ हुआ।
इस अवसर पर प्रांत संगठन मंत्री अंकित सुंदरियाल, प्रदेश मंत्री यशवंत पंवार, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुमित कुमार सहित प्रांतीय एवं महानगर स्तर के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नव नियुक्त अध्यक्ष डॉ. सर्वेश चौधरी और महानगर मंत्री आयुषी पैन्यूली सहित नवीन कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।



